स्थिति सुधरे तो 50 प्रतिशत तक कार्य सम्भव
By: Textile World |
Date: 2020-08-29 |
|
मुम्बई/ लगभग 5 माह से चल रहे कोरोना महामारी जैसी भीषण बीमारी से जहां लगभग सभी व्यापार प्रभावित हुए हैं, वहीं रेडीमेड गारमेंट क्षेत्रों पर भी बहुत बुरा असर पड़ा है। एक रिपोर्ट के अनुसार देशभर में लंबे समय से चले लॉकडाउन के कारण लोगों की खरीद शक्ति कमजोर हुई है, इससे गारमेंट इंडस्ट्रीज को काफी नुकसान होने की सम्भावना व्यक्त की गई है।
रेडीमेड गारमेंट्स शर्ट उत्पादन में अग्रणी एमके इंटरप्राइजेज के डायरेक्टर श्री मोहन प्रजापति ने बताया कि इस कोरोना महामारी के चलते बाजार को सामान्य होने में काफी समय लगेगा। मुंबई की बात की जाए, तो फिलहाल 31 अगस्त तक तो लॉकडाउन लगा हुआ है। जहां कहीं भी सामान्य स्थिति है, वहां पर लगभग 10 से 20 प्रतिशत कर्मचारियों द्वारा कार्य शुरू किया गया, लेकिन अभी तक ऑलओवर इंडिया की सभी मंडियां यथावत् नहीं खुली है। जब तक कोरोना की वेक्सीन नहीं बन जाती, तब तक स्थिति पर कंट्रोल करना संभव नहीं है। हालांकि केंद्र सरकार ने काफी कुछ रियायतें दी थी और हमारे द्वारा भी अपने कर्मचारियों को समय-समय पर इस दौरान पेमेंट तथा राशन की व्यवस्था करवाई गई। हमारे कर्मचारी वापस अपने काम पर भी लौट रहे हैं और अगर दिसंबर तक स्थिति साफ होती है, तो हम 50 प्रतिशत तक कार्य को कवर कर सकते हैं। श्री प्रजापति ने कहा कि आगामी स्थिति की बात करें, तो यह लोकल ट्रेन चालू होने पर निर्भर करता है। कर्मचारी भी लौट रहे हैं, लेकिन ऑफिस आने जाने में काफी समय लग रहा है। लोगों में फिलहाल दहशत का माहौल बना हुआ है व लोग डरे हुए हैं। निर्माता से लेकर रिटेलर तक सभी को पेमेंट की भीषण समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कई राज्यों में अनलॉक 2 के दौरान ही वापस लोकडाउन लगा दिया गया, जिससे रक्षाबन्धन तथा तीज त्यौहारी व ईद की ग्राहकी बिल्कुल खत्म हो गयी। दिल्ली, मुम्बई, चैन्नई, कोलकाता जैसी बड़ी मण्डियां भी कोरोना के संक्रमण से बन्द पड़ी हैं। आगे की स्थिति पर हमने कई बड़े निर्माताओं एवं व्यापारियों से बात की, किन्तु सभी असंमजस की स्थिति में हैं। विदित रहे कि एम. के एण्टरप्राइजेज रेडिमेड शर्ट निर्माता कम्पनी है, जिसके एरोमेन एवं एडोन दो ब्राण्ड हैं, जिसने अपनी क्वालिटी एवं डिजाइन के दम पर पूरे भारत में पहचान बनाई है। कम्पनी द्वारा हर वर्ग के लिए शर्ट का उत्पादन किया जाता है।